सदर प्रखंड के चित्रकूट धाम कड़रा मठ परिसर में बने भव्य राम मंदिर में सोमवार को विधि- विधान से पूजन कर प्रतिमाओं की प्राण-प्रतिष्ठा की गई।
इस दौरान मंत्रोच्चारण से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। मंदिर में श्रीराम-सीता, लक्ष्मण, गणपति, हुनमान जी, मां दुर्गा और कई अन्य देवी-देवताओं को स्थापित किया गया। प्राण-प्रतिष्ठा के लिए गुजरात से लगभग 300 भक्त आए थे। तीर्थों से सन्त-महात्मा पहुंचे थे।
रंग-बिरंगी रोशनी में नहाया भव्य मंदिर प्रांगण अद्भुत छटा बिखेर रहा था। हजारों की संख्या में श्रद्धालु मंदिर की परिक्रमा कर रहे थे। भक्तों के लिए भंडारा का आयोजन किया गया था। भक्ति-श्रद्धा से सराबोर सभी भक्त नाच- गा रहे थे।
गुजरात से आई महिलाओं के जत्थे ने गुजरात का प्रसिद्ध गरबा नृत्य प्रस्तुत किया। जिसमें सभी लोग झूमने पर विवश हो गए। स्थानीय भक्त भी उनकी ताल से ताल मिलाते दिख रहे थे।

इधर, भोजपुरी गीत पर गुजरात की महिलाएं भी जमकर थिरकीं। ऐसा लगा मानो बिहार और गुजरात की संस्कृति एकाकार हो गई हो।
गुजरात के अहमदाबाद से आए भक्त चंदू भाई प्रजापति, चिमन भाई अग्रवाल, नंदू भाई अग्रवाल, राजू भाई पटेल, जयेश भाई प्रजापति समेत कई भक्तों का विशेष योगदान है।


वृंदावन से रामलीला मंडली आई थी। आयोजन को सफल बनाने में रामदयाल सिंह, गोपाल सिंह, मनोज सिंह, अनिल सिंह, मार्कण्डेय सिंह, बिरेन्द्र सिंह, एकराम सिंह, सुरेन्द्र सिंह, नर्बदेश्वर सिंह, जयशंकर सिंह, उमाशंकर रविशंकर ने विशेष भूमिका निभाई।