बिहार में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। अगले दो दिनों में राज्य में चार महत्वपूर्ण दलों (जेडीयू, आरजेडी, हम और कांग्रेस) के विधायक दल की बैठकें होंगी। इस बीच लोजपा (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने आरोप लगाते हुए कहा है कि नीतीश कुमार को सिर्फ मुख्यमंत्री कैसे बने रहें, इस बात की चिंता है। उन्हें विकास से कोई मतलब नहीं है। जबकि चिराग मॉडल तो विकास का मॉडल है, बिहार की 32 लाख जनता ने हमें सपोर्ट किया। उनका मॉडल क्या है, यह उन्हें बताना चाहिए। चिराग पासवान सोमवार को राजधानी पटना में अपने आवास पर पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
बता दें कि जदयू अध्यक्ष ललन सिंह ने रविवार को आरसीपी सिंह पर निशाना साधते हुए कहा था कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का कद छोटा करने के लिए वर्ष 2020 में षड्यंत्र हुआ था। तब एक मॉडल तैयार किया गया था, जिसका नाम था चिराग पासवान। अब दूसरा चिराग मॉडल तैयार करने का षड्यंत्र था। कुछ लोग जदयू रूपी जहाज में छेदकर इसे डुबाना चाहते थे। हम आभारी हैं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने ऐसे लोगों को पहचान लिया। जहाज की मरम्मत करके उसे एकदम ठीक कर दिया है। अब कोई षड्यंत्र यहां चलने वाला नहीं है।
इसी पर पलटवार करते हुए चिराग पासवान ने कहा कि नीतीश कुमार अपना आंख का इलाज कराने दिल्ली जाते हैं। सारण में जहरीली शराब से मौत हो जाती है। आपके राज में एक दिन 10 हत्या होती है, लेकिन आपको बिहार में अपने सरकार का यह फेल्योर नहीं दिखता।
ललन सिंह के बयान कि जदयू डूबता नहीं बल्कि दौड़ता जहाज है पर तंज कसते हुए चिराग पासवाान ने कहा कि पानी में चलने वाला जहाज दौड़ेगा कैसे? क्या उपेंद्र कुशवाहा साल 2020 बिहार विधानसभा चुनाव में चिराग मॉडल के प्रतीक नहीं हैं? बता दें कि उपेंद्र कुशवाहा उस समय जदयू से अलग चुनाव लड़े और नीतीश कुमार के दल ने बाद में उन्हें जदयू में शामिल कर लिया।