आज से 12 दिन बाद महापर्व छठ आने वाला है। ये पर्व है एकता का, प्रकृति के नजदीक रहने का, अपनी संस्कृति को दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने का। ये ऐसा मौका है जब बड़े-छोटे का भेदभाव मिट जाता है। लोग आगे बढ़कर एक-दूसरे की मदद करते हैं।
एक अजब सा आकर्षण है इस पर्व में जो हजारों किलोमीटर दूर बैठे बिहारियों को भी अपनी जड़ों तक खींच लाता है। ये एकमात्र ऐसा पर्व है जिसमें न तो पंडित कोई विधि करवाते हैं और न ही कोई मंत्र पढ़ा जाता है। ठेठ गंवई अंदाज का ये पर्व प्रकृति से मानव को जोड़ता है।
यहां महिलाएं अपने परिवार के साथ-साथ समाज और दुनिया की भी मंगल कामना करती हैं। घर-घर में छठ के गीत बजते हैं और इन गीतों में सबसे ज्यादा मांग शारदा सिन्हा के गीतों की होती है। हर किसी को पिछले साल का “पहिले-पहिले हम कईली छठी मईया वरत तोहार” याद होगा।
इस गीत ने यू-ट्यूब के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। इस गीत में आवाज बिहार की लता मंगेशकर शारदा सिन्हा ने दी थी तो इसे शब्दों में पिरोया था पटना आकाशवाणी के ए+ कलाकार और संस्कृत विद्यापीठ के अधिकारी हृदयनारायण झा ने।
संगीत आदित्य देव का था तो प्रोडक्शन टीम में नीतू चंद्रा, नितिन चंद्रा और अंशुमन सिन्हा थे। मुख्य कलाकारों में क्रांति प्रकाश झा और क्रिस्टीन जेडेक नजर आए थे।
क्रांति प्रकाश झा भी बिहार के मधुबनी जिले के रहने वाले हैं। छठ के इस गीत को पूरी दुनिया में 11 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा था। युवाओं को ये वीडियो बहुत पसंद आया था। 2016 में स्वर कोकिला शारदा सिन्हा के यू-ट्यूब वीडियो “सुपवा न मिली माई” को भी 8 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा था।
इस वीडियो में छठव्रती पटना में सूप नहीं मिलने पर माता से अपनी परेशानी बताती है और इस बात से नाराज नहीं होने की प्रार्थना करती है। इस गीत को डॉ. शांति जैन और शारदा सिन्हा ने लिखा था। इसे प्रोड्यूस अंशुमन सिन्हा ने किया था।
कई और भोजपुरी लोकगायक और गायिकाओं ने भी छठ मईया के गीत गाए हैं।
इस कड़ी में लोकगीत गायिका देवी का नाम भी आता है। देवी के गीत “ केलवा के पात पर” के यू-ट्यूब गीत को 4 लाख से ज्यादा लोगों ने देखा था। छठ के प्रति लोगों की आस्था को देखकर टी-सीरीज ने भी कई वीडियो जारी किए थे। इसमें अनुराधा पौड़वाल ने अपनी आवाज दी थी।
गांवों में गाए जाने वाले गीतों को पारंपरिक धुन और शब्दों के साथ बड़ी ही खूबसूरती से टी-सीरीज ने प्रेजेंट किया था। भोजपुरी के सुपरस्टारों ने भी कई छठ के गीत गाए हैं। भोजपुरी फिल्मों के सुपरस्टार पवन सिंह ने कई गीतों में अपनी आवाज दी है तो खेसारीलाल यादव भी इससे पीछे नहीं हैं। उन्होंने भी कई गीतों में छठी मईया की महिमा का गुणगान किया है।