आस्था का पर्व छठ देश के कई हिस्सों में धूमधाम से मनाया गया। शुक्रवार सुबह उगते सूरज को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिवसीय छठ पूजा का समापन हो गया। देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में भी यह पर्व पूरे उल्लास के साथ मनाया गया।
मुंबई के जुहू चौपाटी में लाखों श्रद्धालु छठी माता की पूजा करते नजर आए। कांग्रेस के नेता संजय निरुपम 20 साल से छठ पूजा के लिए मंच बनाते हैं। वहीं बीजेपी द्वारा भी पिछले दो साल से छठ पूजा मनाई जा रही है।
बीजेपी के मंच पर सीएम देवेंद्र फडणवीस सहित भोजपुरी अभिनेता रवि किशन, पवन सिंह और अभिनेत्री अक्षरा सिंह नजर आए।
वहीं सपा के नेता सुभाष पासी ने भी छठ व्रतियों के लिए अलग मंच बनाया था। यानी कहीं न कहीं इस पर्व के जरिए मुंबई में बसे उत्तर भारतियों को रिझाने के लिए सभी पार्टियों ने कोशिश की है।