बुडको के एमडी अमरेंद्र कुमार सिंह ने छठ घाटों की तैयारी 17 तक पूरी करने के निर्देश अभियंताओं को दिया है। उन्होंने 11 अक्टूबर की शाम तक सभी घाटों के पहुंच पथ का निर्माण पूरा करने को कहा है। पहुंच पथ दुरुस्त होने से घाटों की सफाई और अन्य काम शुरू हो सकेगा।
यह निर्देश शनिवार को छठ घाटों की तैयारियों का जायजा लेने के क्रम में कहीं। इस दौरान उन्होंने 19 घाटों का दौरा किया। उनके साथ बुडको के कई अभियंता मौजूद थे। शनिवार को उन्होंने जहाज घाट, रामजीचक, शिवा घाट, पाटी पुल होते हुए दीघा घाट तक का भ्रमण किया।
छठ महापर्व के लिए बुडको द्वारा 29 घाटों की तैयारी की जा रही है। इनमें से 19 घाटों पर काम शुरू हो चुका है। बुडको के अभियंता जितेंद्र कुमार ने बताया कि बांसघाट पर 200 चारपहिया वाहनों के पार्किंग की क्षमता होगी। यहां घाट की लंबाई 800 मीटर से लेकर एक किलोमीटर के बीच होगी।
यहां 10 हजार लोग जुट सकते हैं। इस घाट के पाथ-वे के साथ राजापुर और पहलवान घाट के पाथ-वे भी जुड़ गए हैं। इस कारण एक ही पाथ-वे से तीनों घाटों पर पहुंचा जा सकता है। गांधी मैदान-दानापुर मुख्य पथ से बांसघाट के छठ घाट की दूरी 2.5 किलोमीटर होगी।
पटना नगर निगम के जिम्मे 50 से अधिक छोटे-बड़े छठ घाट हैं। ये घाट निगम के बांकीपुर और पटना सिटी अंचल में हैं। नगर आयुक्त अभिषेक सिंह ने भी इन घाटों का दौरा किया। निगम एक सप्ताह पहले ही इन घाटों की तैयारी शुरू कर चुका है।
नगर आयुक्त अभिषेक सिंह ने कहा कि पिछले वर्ष से बेहतर तैयारी इस वर्ष होगी। सारी तैयारी दीपावली तक पूरी कर ली जाएगी। निगम के जिम्मे महत्वपूर्ण घाटों में काली घाट, पटना कॉलेज घाट, लॉ कॉलेज घाट, रानी घाट, भद्र घाट और गायघाट के अलावा कई घाट हैं।