Patna: राहुल गांधी कोरोना संक्रमित हो गए हैं। उन्होंने सोशल मीडिया पर इसकी जानकारी शेयर की। उन्होंने बताया कि अभी वह होम आइसोलेशन में हैं। राहुल पिछले कई दिनों से केरल, पुडुचेरी, पश्चिम बंगाल, असम और तमिलनाडु चुनाव में रैलियां कर रहे थे। दो दिन पहले ही उन्होंने कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए बंगाल में होने वाली अपनी सभी रैलियों को रद्द कर दिया था।

आपको बता दें कि इससे पहले दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल भी कोरोना संक्रमित पाई गई हैं। उन्होंने खुद को होम आइसोलेशन में रखा है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी क्वारैंटाइन हो गए हैं। कुछ दिन वह घर से ही कामकाज देखेंगे।

गौरतलब है कि इस बीच देशभर में कोरोना के तेजी से बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बड़ा फैसला किया। उन्होंने आर्मी चीफ एमएम नरवणे, डिफेंस सेक्रेटरी अजय कुमार और DRDO चीफ जी सतीश रेड्डी से कहा है कि वह डिफेंस, कैंट और DRDO के अस्पतालों में आम नागरिकों को भी इलाज की सुविधाएं मुहैया कराएं।

Source: DBN News Bihar