भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने मंगलवार को सूबे की महागठबंधन सरकार व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर जमकर तंज कसा।
उन्होंने कहा कि बीते 33 वर्षों से राजद के बाद नीतीश कुमार सूबे की सत्ता में हैं। इन दोनों ने पूरे राज्य का बंटाधार करके रख दिया है।
उन्होंने शराबबंदी समेत बिहार के विकास में राज्य सरकार को पूरी तरह फेल बताया। उन्होंने ये बातें बिहपुर के डाकबंगला मैदान में आयोजित अपने सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहीं।
पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन, बिहपुर विधायक ई. शैलेंद्र व कहलगांव के विधायक पवन यादव समेत अन्य नेताओं ने प्रदेश अध्यक्ष को अंगवस्त्र, माला व चांदी का मुकुट पहनाकर सम्मानित किया।
सम्मान समारोह की अध्यक्षता बिहपुर मंडल अध्यक्ष प्रभुनंदन चौधरी ने की। संचालन प्रो. गौतम ने किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि नीतीश कुमार 2005 में सत्ता आए थे तो राज्य में शराब की 987 दुकानें थीं।
अगले 11 सालों यानि 2016 में राज्य में उनकी संख्या बढ़कर 16 हजार हो गई। उन्होंने राज्य में शराबबंदी की घोषणा तो कर दी, लेकिन आज भी गांव घरों में धड़ल्ले से इसकी होम डिलीवरी हो रही है।
प्रदेश अध्यक्ष ने नीतीश कुमार पर तंज कसते हुए कहा कि नीतीश कुमार मेमोरी लॉस सीएम हो गए हैं। ऐसा कहते हुए सम्राट चौधरी ने आमिर खान की मूवी गजनी का भी उदाहरण दिया।
देश में विपक्षी चेहरा बनने के चक्कर में नीतीश कुमार को एक बार फिर कीड़े ने काटा है। उन्होंने कहा कि पिछली बार उन्हें कीड़े ने काटा था तो दो सीटों पर सिमट गए थे। इस बार तो उनकी सीटों का पूरी तरह सफाया ही हो जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष ने जनसमूह से 2024 में केंद्र में पुन: नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सशक्त व विकासोन्मुख सरकार बनाने व 2025 में बिहार में भाजपा की सरकार बनाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि बिहार में बदलाव होगा। सूबे की 13 करोड़ जनता मेमोरी लॉस सीएम के बार-बार पलटी मारने से आजीज आ चुकी है।
इस सभा में पूर्व उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में उद्योग लगाने के लिए उद्यमियों ने निवेश करना शुरू ही किया था कि नीतीश कुमार राजद के साथ हो गए, उसके बाद उद्यमियों ने बिहार में निवेश करने से अपने हाथ खींच लिए।
शाहनवाज ने कहा जहां हमारे प्रदेश अध्यक्ष पूरे बिहार की स्थिति का जायजा ले रहे हैं, वहीं राज्य के सीएम नीतीश कुमार उड़ीसा व महाराष्ट्र घूम रहे हैं। विधायक ई.शैलेंद्र ने भी जनता से 2024 के लोकसभा व 2025 के विधानसभा चुनाव में कमल खिलाने का अह्वान किया।
जदयू नेता भाजपा में शामिल बिहपुर डाकबंगला में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के समक्ष नन्हकार-कोरचक्का निवासी जदयू नेता वासुदेव सिंह कुशवाहा व झंडापुर निवासी परेश सिंह कुशवाहा भाजपा में शामिल हुए। इन दोनों नेताओं को प्रदेश अध्यक्ष ने अंगवस्त्र भेंटकर उनका अभिनंदन किया।
भ्रमरपुर व मड़वा मंदिर में की पूजा अर्चणा बिहपुर पहुंचने के पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने विस क्षेत्र के शक्तिपीठ भ्रमरपुर दुर्गामंदिर व मिनी देवघर के नाम से विख्यात मड़वा गांव स्थित बाबा बज्रलेश्वरनाथ मंदिर पहुंच कर पूजा अर्चणा की।
इससे पूर्व उन्होंने खगड़िया जिले से भागलपुर जिले की सीमा में प्रवेश करते ही सतीशनगर एनएच 31 के पास पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
ये नेता कार्यक्रम में हुए शामिल
प्रदेश अध्यक्ष के कार्यक्रम में नवगछिया पुलिस जिले के भाजपा जिलाध्यक्ष मुक्तिनाथ सिंह,बंटी यादव, भागलपुर लोस भाजपा प्रभारी रामानंद चौधरी, भाजपा आईटी सेल के प्रदेश अध्यक्ष अशोक भट्ट, युवा मोर्चा के प्रदेश प्रवक्ता आलोक सिंह बंटू, भागलपुर भाजपा के जिला प्रवक्ता इंदुभूषण झा, जिप नंदनी सरकार, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रूपेश कुमार, मंडल अध्यक्ष चंद्रकांत चौधरी, मड़वा के गाेपाल चौधरी समेत अन्य कई नेता व कार्यकर्ता शामिल थे।