बिहार में उफान पर नदियां, खतरे के निशान से ऊपर पहुंचा जलस्तर, कई गांवों में घुसा कोसी का पानी

खबरें बिहार की जानकारी

नेपाल से लगातार पानी छोड़े जाने और एक सप्ताह से रुक-रुक कर हो रही वर्षा से बिहार की नदियां एक बार फिर उफान पर हैं। मधुबनी जिले में कमला, कोसी, भुतही बलान और दूसरी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। झंझारपुर में कमला बलान खतरे के निशान से दो मीटर ऊपर है।

मधुबनी के राजनगर प्रखंड के नवटोली-भरिया बिशनपुर गांव के मध्य स्थित कोसी उग्रनाथ शाखा नहर के ऊपर बनी तीन स्पैन की पुलिया शुक्रवार की देर रात पानी के अत्यधित दबाव के कारण टूट कर गिर गई। इससे तकरीबन दो हजार आबादी प्रभावित हुई है।

वहीं पूर्व बिहार, कोसी व सीमांचल की नदियों में पानी बढ़ रहा है। सुपौल में कोसी के जलस्तर में बढ़ोतरी हुई है। यहां तटबंध के दर्जनों बिंदुओं पर दबाव है और कई गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है।

लगातार बढ़ रहा है पानी

कोसी-सीमांचल के अन्य जिलों में भी नदियों में पानी बढ़ रहा है। मधुबनी में कोसी में शुक्रवार की रात करीब 4.25 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया था।

फुलपरास एवं घोघरडीहा प्रखंड क्षेत्र से होकर गुजरने वाली भुतही बलान नदी में बाढ़ है। पानी की तेज धारा में घोघरडीहा प्रखंड क्षेत्र के इस्लामपुर पश्चिमी कोसी तटबंध से परसा जानेवाली सड़क लगभग 15 से 20 फीट की लंबाई में कालीपुर गांव के आगे टूट गई है।

बगहा के गंडक बराज में शनिवार रात तक दो लाख क्यूसेक से अधिक पानी होने की संभावना है। सीतामढ़ी में बागमती खतरे के निशान से ऊपर है।

शिवहर में बागमती खतरे के निशान 61.28 मीटर से 0.42 सेंटीमीटर ऊपर है। पूर्वी चंपारण के लालबकेया व गंडक नदी में वृद्धि जारी है। बागमती के जलस्तर में वृद्धि से मोतिहारी-शिवहर का संपर्क बाधित है। दरभंगा के तारडीह में कमला नदी खतरे के निशान से ऊपर 52 सेटी मीटर पर बह रही है।

दो दर्जन से अधिक गांवों में घुसा पानी

मुजफ्फरपुर के कटरा में बागमती के जलस्तर में वृद्धि जारी है। बकुची दुध डेयरी के पास बागमती के पानी के दबाव के कारण जमींदारी बांध लगभग 20 फीट में टूट गया।

कोसी नदी का जलस्तर शुक्रवार को एक बार फिर से चार लाख 14 हजार क्यूसेक तक बढ़ गया है। कोसी का पानी सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड के दो दर्जन से अधिक गांवों में प्रवेश कर गया है। अररिया में बकरा, नूना और परमान नदियों का पानी निचले क्षेत्रों में फैल रहा है।

खगड़िया में कोसी खतरे के निशान से 65 सेंटीमीटर ऊपर बह रही है। कटिहार में महानंदा खतरे के निशान को पार कर गई है। गंगा, कोसी व कारी कोसी के जलस्तर में कमी आई है। पूर्णिया जिले से गुजरने वाली परमान व महानंदा नदी खतरे के निशान को पार कर चुकी है।

किशनगंज से गुजरने वाली महानंदा, कनकई, मेची, डोक सहित अन्य नदियों का जलस्तर बढ़ रहा है। मुंगेर में गंगा नदी का जलस्तर हर घंटे एक सेमी की रफ्तार से बढ़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *