बिहार में बादल छाने से मौसम हुआ सुहाना, गर्मी से मिलेगी राहत; 14 जिलों में बारिश का अलर्ट

खबरें बिहार की

बिहार में बादल छाने से मौसम सुहाना हो गया है। वहीं, 22 मई तक आसमान में हल्के बादलों की आवाजाही रहेगी। वहीं, उत्तर बिहार में चार दिनों तक बारिश हो सकती है।

बीते एक सप्ताह के दौरान बिहार के कई जिलों में, खासकर उत्तर और पूर्व बिहार में प्री मानसून वर्षा हुई है। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार एक चक्रवातीय परिसंचरण का क्षेत्र पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बना हुआ है। इस कारण प्रदेश में वर्षा की गतिविधियां अगले तीन दिनों तक बनी रहेगी।

प्रदेश के दक्षिणी भागों में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। शुक्रवार को पटना समेत दक्षिणी व उत्तर बिहार मिलाकर 24 जिलों में वर्षा का पूर्वानुमान नहीं है।

उत्तर बिहार के 14 जिलों में मेघ गर्जन, बिजली चमकने के साथ आंधी-पानी की चेतावनी है। मौसम विज्ञानी की मानें तो प्री-मानसून के दौरान प्रदेश में इस प्रकार की गतिविधियां बनी रहेंगी।

इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार किशनगंज, अररिया, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा, सुपौल, दरभंगा, मधुबनी, शिवहर, सीतामढ़ी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और वैशाली में वर्षा हो सकती है। एक-दो जगह तेज हवा की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे हो सकती है।

पटना में नहीं होगी वर्षा

पटना में आज तापमान में एक डिग्री के आसपास कमी या वृद्धि देखी जा सकती है। हालांकि वर्षा का पूर्वानुमान नहीं है।

तापमान में आई गिरावट

इसके पहले बुधवार की अपेक्षा गुरुवार को पटना का अधिकतम तापमान 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 37 डिग्री रहा। बिहार के अन्य जिलों में भी गुरुवार को तापमान में गिरावट देखी गई। गुरुवार को केवल दो जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर रहा।

औरंगाबाद में 40.5 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। दूसरे स्थान पर 40.4 डिग्री के साथ डेहरी रहा। उत्तर बिहार में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से 34 डिग्री के बीच रहा तो दक्षिण बिहार में 36 से 40 डिग्री के बीच। सबसे कम अधिकतम तापमान किशनगंज में 29.5 डिग्री रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *