बिहार में पुरवा व पछुआ का प्रवाह एक साथ बना हुआ है, जिससे दक्षिण और उत्तर बिहार में मौसम का मिजाज अलग-अलग देखने को मिल रहा है। दक्षिण बिहार के पटना सहित अधिकांश क्षेत्र में तापमान सामान्य से अधिक है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 24 घंटे में कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, बक्सर, गया और नवादा जिले में लू की स्थिति बनी रहेगी। इन जिलों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। इन जिलों में दोपहर में नहीं निकलने को लेकर अलर्ट जारी किया है।
वहीं, उत्तर बिहार के पूर्वी एवं पश्चिमी चंपारण, मधुबनी, सीतामढ़ी, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार में गरज के साथ मध्यम स्तर की बारिश होगी। बारिश को लेकर इन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश होने से इन जिलों में मौसम सुहाना रहेगा। 24 घंटे के दौरान किशनगंज के ठाकुरगंज में 91.4 मिमी, गलगलिया में 62.4 मिमी व तैयबपुर में 73.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। किशनगंज शहर में 45.8 मिमी दर्ज की गई है। अररिया के सिकटी में 18.2 मिमी, पूर्णिया के ढेंगराघाट में 12.4 मिमी एवं कटिहार के बलरामपुर में 4.2 मिमी बारिश दर्ज की गई।
दक्षिण के जिलों में दो दिन बाद लू से राहत के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पटना समेत दक्षिण के जिलों में अभी राजस्थान से आ रही गर्म पछुआ का प्रभाव है। पछुआ मजबूत होने से तापमान बढ़ा हुआ है। दो दिनों बाद इन जिलों में पुरवा के मजबूत होने की संभावना है। इससे तापमान में गिरावट के आसार है। पटना सहित दक्षिण बिहार के कई जिलों में उमस की स्थिति फिलहाल बनी रहेगी।
- पटना सहित छह जिलों में तप रही धरती, उत्तर में राहत की बूंद
- 45.2 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर रहा प्रदेश का सबसे गर्म स्थान
- 2 डिग्री सामान्य से अधिक रहा पटना का तापमान, 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज
- किशनगंज के ठाकुरगंज में 91.4 मिमी बारिश की गई रिकार्ड
मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार, सोमवार को 45.2 डिग्री सेल्सियस के साथ बक्सर प्रदेश का गर्म स्थान दर्ज किया गया। बक्सर का तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री अधिक दर्ज किया गया। जबकि औरंगाबाद का अधिकतम तापमान 24 घंटे में 1.6 डिग्री की गिरावट के साथ 45.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। पटना का अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री की वृद्धि के साथ 39.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
प्रमुख शहरों का अधिकतम तापमान
- बक्सर 45.2
- पटना 39.4
- सारण 38.3
- वैशाली 38.4
- नालंदा 41.5
- बेगूसराय 37.8
- सहरसा 38.5
- भागलपुर 38.0
- बांका 40.8
- सबौर 38.7
- कटिहार 35.8
- (तापमान डिग्री सेल्सियस में)