बिहार में मौसम में उतार-चढ़ाव लगातार बना हुआ है। मानसून का मूवमेंट बन रहा है। आसमान में घने बादल के साथ तेज पूर्वा हवा चल रही है। बुधवार को भी कुछ जिलों में बारिश हुई तो कुछ में तेज धूप के कारण तल्खी बनी रही।
भागलपुर, मुंगेर, खगड़िया आदि जिलों में गरज चमक के साथ बारिश हुई। यह प्री मानसून की बारिश थी। अभी मानसून आने में थोड़ा और समय लगने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसून आने में दो से तीन दिन और लग सकता है।
बुधवार को जहां न्यूनतम तापमान 27 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, वही अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह आर्द्रता 91% तो दोपहर में घटकर महज 25% रह गई। हवा की गति 11 से 16 किलोमीटर प्रति घंटे रही। वायुमंडलीय दबाव 996 हेक्टोपास्कल, जबकि वायु गुणवत्ता सूचकांक 110 से 120 एक्युआई रिकार्ड की गई है।