सिपाही बहाली के बाद जल्द ही बिहार पुलिस में दारोगा नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू होगी। पुलिस मुख्यालय के स्तर से दारोगा के 1288 पदों के लिए रोस्टर क्लियर कर लिया गया है। इसमें 35 प्रतिशत यानी 455 पद महिलाओं के होंगे।
पुलिस मुख्यालय एडीजी जितेंद्र सिंह गंगवार ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि रोस्टर के तहत एक प्रतिशत यानी कुल 13 पद खेल-कूद कोटा से भरे जाएंगे। ऐसे में शेष 1275 पदों पर नियुक्ति की अधियाचना बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग को भेजी जा रही है।

जल्द ही आयोग के स्तर से दारोगा बहाली का विज्ञापन जारी कर बहाली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके बाद आगे परीक्षा की तारीख घोषित कर दारोगा की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
अक्टूबर में होगी सिपाही भर्ती की परीक्षा
एडीजी ने बताया कि इसके पूर्व जून में 21 हजार 391 सिपाहियों की नियुक्ति की अधियाचना केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) को भेजी गई थी। पर्षद के स्तर से परीक्षा की तारीख भी घोषित कर दी गई है। अक्टूबर माह में सिपाही भर्ती की परीक्षा ली जाएगी।
दिसंबर तक पूरी हो जाएंगी दोनों प्रक्रियाएं
इस प्रकार सीधी नियुक्ति से सिपाही के 21, 391 और पुलिस अवर निरीक्षक यानी दारोगा के 1275 पदों पर नियुक्ति पूरी होगी। दिसंबर तक दोनों ही नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।