बिहार में थम गया बारिश का सिलसिला, अब गर्म रहेगा मौसम; मौसम विज्ञानी ने किसानों को दी ये सलाह

जानकारी

बिहार में मौसम काफी तेजी से बदल रहा है। अगले चौबीस घंटे तक राजधानी समेत अधिकांश जिलों का मौसम शुष्क बने रहने की उम्मीद है।

उत्तर बिहार में सुबह से आसमान में बादल छाए रहे। दिन में तेज धूप निकली। इस दौरान गर्मी व उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। विभाग ने अभी मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान प्रकट किया है।

जलवायु परिवर्तन पर उच्च अध्ययन केंद्र डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के अनुसार, सोमवार को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य 1.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस पर जाकर थमा। यह सामन्य से 1.6 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है।

आसमान में छाए रहेंगे बादल

वरीय मौसम विज्ञानी डॉ. ए सत्तार ने बताया कि अगले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। वर्षा की संभावना नहीं है, मौसम शुष्क रहेगा। इस अवधि में अधिकतम तापमान 32-34 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25-27 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहेगा।

फूलगोभी की अगहनी किस्म की करें रोपाई

मौसम विज्ञानी डॉ. गुलाब सिंह ने किसानों को सुझाव दिया कि फूलगोभी की अगहनी किस्म की रोपाई करें। अगात फूलगोभी में पत्ती खाने वाली कीट (डायमंड बैंक माथ) की निगरानी करें।

बैंगन की तैयार पौधे की रोपाई करें। रोपनी से पहले 1 ग्राम फ्यूराडान 3 जी दानेदार दवा प्रति पौधे की दर से जड़ के पास मिट्टी में मिला कर रोपनी करें । 20-25 दिनों वाली फसल में निकौनी करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *