पथ निर्माण मंत्री नंद किशोर यादव ने कहा कि झारखंड-बिहार को जोड़ने के लिये मनिहारी में एक और पुल का निर्माण होगा। मोकामा-मुंगेर रोड टू लेन है। इसे भी फोर लेन करने की कवायद शुरू हो गयी है।
इसके लिये केंद्र सरकार से बात की गयी थी। वहां से सकारात्मक जवाब मिला है। वे विश्वेश्वरैया की जयंती पर बिहार अभियंत्रण सेवा संघ की ओर से आयोजित कार्यक्रम में विचार व्यक्त कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का काम अब राष्ट्र स्तर पर दिख रहा है। वर्ष 2015 में सवा लाख करोड़ रुपये बिहार को केंद्र सरकार से मिला था।
इसमें से 54000 करोड़ रुपये पथ-पुल निर्माण के लिये था। पिछले 12 सालों में सड़कों की तस्वीर तो बदली ही है, पुलों की संख्या भी बढ़ी है। आरा-छपरा के बीच पुल निर्माण पूरा होकर चालू भी हो गया। दीघा पुल भी चालू है। बक्सर में एक और पुल निर्माण होना है।
अगले साल गांधी सेतु पर पश्चिमी छोर से आवागमन शुरू हो जायेगा। गांधी सेतु के बगल में भी पुल निर्माण की योजना है। इस पर काम शुरू हो चुका है। मोकामा में छह लेन पुल बनेगा। भागलपुर में एक और पुल बनाने की तैयारी है। उन्होनें कहा कि सरकार की नीति बदली है, नीयत ठीक हुई है। इससे हालात बदलना लाजिमी है। अभियंताओं के पास चुनौतियां हैं, पर उनमें क्षमता भरपूर है।