अररिया जिले की एक और बेटी ने अपने क्षेत्र में मुकाम हासिल किया है। अररिया जिले के पटेगना गांव निवासी इंजीनियर नरेंद्र कुमार सिंह और अररिया कॉलेज की पूर्व प्राध्यापक गौरी सिंह की पुत्री ऋचा सिंह ने फोर्ब्स द्वारा जारी सूची में अपना नाम दर्ज कराया है।
फोर्ब्स हर साल एशिया लेवल पर 30 वर्ष से कम उम्र के उन 30 लोगों की सूची तैयार करता है जो अपने फील्ड में सबसे अच्छा काम करते हैं। इस बार भारत से इस सूची में तीन लोग शामिल हुए हैं।
इनमें बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट, एथलीट दीपा कर्माकर और भोपाल से ऋचा सिंह के नाम शामिल हैं।
ऋचा सिंह आइआइटियन हैं और वर्तमान में बेंगलुरु में एक कंपनी में कार्यरत हैं। उनकी पढ़ाई भोपाल में हुई।
उनके पिता नरेंद्र कुमार सिंह मध्य प्रदेश सरकार में अधीक्षण अभियंता के पद पर सेवा देते हुए अब सेवानिवृत्त हो चुके हैं।
उनकी माता गौरी सिंह अररिया कॉलेज से प्राध्यापक के पद से त्यागपत्र देते हुए मध्यप्रदेश सरकार में वित्त सेवा की अधिकारी थीं। वे भी सेवानिवृत्त हो चुकी हैं।
उनके बड़े भाई अमेरिका में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं।



