बिहार के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को कहा कि केंद्र की सरकार क्षेत्रीय दलों को खत्म करना चाहती है। यह बात हम लोग पूर्णिया में महागठबंधन की हो रही रैली में लोगों के बीच रखेंगे। भाजपा के लोग धर्म के नाम पर खेल करना चाहते हैं। ज्ञान भवन में आयोजित स्वास्थ्य विभाग के एक कार्यक्रम के बाद संवाददाताओं से बातचीत के क्रम में उप मुख्यमंत्री ने यह बात कही।
तेजस्वी ने कहा कि भाजपा द्वारा संविधान को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। इस बार के केंद्रीय बजट में बिहार को ठगा गया है। बिहार को कुछ नहीं मिला है। केंद्र सरकार सौतेला व्यवहार कर रही है। केंद्र की सरकार अपनी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है।
उन्होंने कहा कि दरअसल, भाजपा को 2024 के आम चुनाव में हार का डर सता रहा है। उनके आंतरिक सर्वे के अनुसार भाजपा को केवल तीन तथा महागठबंधन को 37 सीटें मिल रही हैं। प्रदेश में भाजपा से महागठबंधन का कोई मुकाबला ही नहीं है। भाजपा के लिए एक सीट जीतना भी मुश्किल हो जाएगा।
तेजस्वी से जब उपेंद्र कुशवाहा द्वारा दिए जा रहे बयानों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता ही मालिक है। हमारा उपेंद्र कुशवाहा से कोई बैर थोड़े है। उनकी जो राय है वह बोलते रहें। जनता हमारे साथ है वह जो चाहेगी वही होगा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने तो पहले ही कह दिया है कि उपेंद्र कुशवाहा को जहां जाना है चले जाएं।