भागलपुर पहुंचे मुख्यमंत्री नीतीश, समाधान यात्रा को लेकर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षा चौकस; सड़कें हुईं चकाचक

खबरें बिहार की

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की समाधान यात्रा के मद्देनजर शनिवार को भागलपुर पहुंचे। सुबह 11.00 बजे सीएम का हेलीकोप्टर अलीगंज स्थित स्पिनिंग मिल पर बने हैलीपैड पर उतरा। यहां से मुख्यमंत्री आश्रय स्थल गए। यहां पर उन्होंने विभिन्न विभागों के लगे 16 स्टाल का निरीक्षण किया। आश्रय स्थल से निकलने के बाद नीतीश कुमार गणेशपुर तिनपुलिया गांव के लिए निकल गए। सीएम यहां पर सात निश्चय योजना की जानकारी लेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर गांव के लोगों में खासा उत्साह है।

गणेशपुर तिनपुलिया गांव के बाद सीएम जमुई के लिए रवाना होंगे। मुख्यमंत्री की यात्रा को लेकर यातायात व्यवस्था बदली गई है। कुछ निजी स्कूलों को भी बंद कर दिया गया है और वार्षिक परीक्षा की तारीख भी बढ़ा दी गई है। मुख्यमंत्री के आगमन की पूर्व संध्या तक गणेशपुर तीनपुलिया गांव में विकास कार्य को अंतिम रूप दिया जा रहा था।

गांव के विकास और मुख्यमंत्री के स्वागत में कोई कमी ना रह जाए, इसके लिए आयुक्त दयानिधान पांडेय, संयुक्त सचिव, जिलाधिकारी,एसएसपी सहित आला अफसरों ने गणेशपुर गांव का दौरा किया और व्यवस्था का निरीक्षण किया। गांव के प्रवेश द्वार से लेकर गांव के अंतिम छोर तक आदर्श गांव की तस्वीर उभर रही है।

शहरी क्षेत्र में मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन की तैयारी शुक्रवार की देर रात तक जारी रही। मुख्यमंत्री जिन मार्गों से गुजरेंगे उन रास्तों को चकाचक कर दिया गया है। अलीगंज मार्ग में मुख्य नाले की उड़ाही व जंगल-झाड़ की कटाई हुई। झाडू के साथ ब्लीचिंग व चूना का छिड़काव आश्रय स्थल तक किया गया। सर्किंट हाउस व समीक्षा भवन की सफाई के बाद फागिंग कराई गई। हवाई अड्डा से गोपालपुर मार्ग तक अतिक्रमण हटाया गया।

26 महिला पुलिसकर्मियों की हुई प्रतिनियुक्ति

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समाधान यात्रा के क्रम में शनिवार को भागलपुर आगमन पर जिला पुलिस बल की विभिन्न शाखा से 26 महिला पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति पुलिस केंद्र के परचारी प्रवर ने कर दी है। शुक्रवार को अपने तैनाती वाली शाखाओं से सम्मान गारद के लिए प्रतिनियुक्त महिला पुलिसकर्मियों ने पुलिस केंद्र में इसके लिए योगदान भी दे दिया है। जिन महिला पुलिसकर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है उनमें नीशु कुमारी, कृति कुमारी, रिंकू कुमारी, श्वेता कुमारी, पूजा कुमारी, रेशमी कुमारी, आरती कुमारी, आशा कुमारी, सविता कुमारी, पूजा कुमारी, विनीता कुमारी, सुमन कुमारी, चंदा कुमारी, दुर्गा कुमारी आदि शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *