बड़ी जिम्मेदारी के साथ टीम JDU में लौटे KC त्यागी, बोले- BJP को शिकस्त देने CM नीतीश के अभियान में हूं साथ

जानकारी राजनीति

जदयू के पूर्व राष्ट्रीय प्रधान महासचिव केसी त्यागी फिर से पार्टी की मुख्यधारा में लौट आए हैं। पार्टी ने उन्हें विशेष सलाहकार और मुख्य प्रवक्ता बनाया है।

JDU अध्यक्ष ने की घोषणा

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की विपक्षी दलों को एकजुट करने के अभियान को त्यागी मजबूती देंगे। प्रधान महासचिव और मुख्य प्रवक्ता पद से हटाने के बाद त्यागी पार्टी की गतिविधियों से अलग हो गए थे। मुख्यमंत्री की दिल्ली की हाल की यात्राओं में उन्हें कई अवसरों पर साथ देखा गया था। इससे अनुमान लगाया जा रहा था कि उन्हें महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी जाएगी।

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने सोमवार को त्यागी की नियुक्ति की घोषणा की। उन्होंने कहा कि त्यागी समाजवादी आंदोलन से जुड़े अनुभवी नेता हैं। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चौधरी चरण सिंह और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के साथ काम किया है।

हम उनका सांगठनिक अनुभव चाहते हैं। इसलिए उन्हें पार्टी का विशेष सलाहकार और मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। इससे पहले ललन सिंह की टीम में त्यागी को जगह नहीं दी गई थी।

त्यागी लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं। वह शरद यादव, नीतीश कुमार और आरसीपी सिंह के अध्यक्ष वाले कार्यकाल में जदयू की राष्ट्रीय टीम में थे।

CM नीतीश का जताया आभार

मुख्यधारा में वापसी पर उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह के प्रति आभार जताया है। त्यागी ने बातचीत में कहा कि देश आज बुरे दौर से गुजर रहा है।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार विपक्षी दलों को एक मंच पर लाकर 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को शिकस्त देने के अभियान पर निकले हैं। हम उनके अभियान को बल देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *