केबीसी 9 की पहली करोड़पति महिला अनामिका मजूमदार का पहला शो सोमवार को टेलीकास्ट हुआ। मंगलवार के शो में वो एक करोड़ रुपए का सही जवाब देती नजर आई। शो के दौरान अनामिका की मां सबिता बासू से अमिताभ काफी प्रभावित हुए और उन्हें भी केबीसी में पार्टिसिपेट करने की सलाह दी।
शो में अनामिका की जोड़ीदार के रूप में उनकी मां पहुंची थी। अमिताभ द्वारा पूछे गए तकरीबन हर सवाल का जवाब उन्हें पता था। अनामिका ने बताया मां हमेशा ही पढ़ती रहती हैं। अनामिका 12.50 लाख के सवाल के जवाब में फंस गईं थीं। उस वक्त जोड़ीदार के रूप में गईं मां ने उनकी मदद की। सवाल था महाभारत के उस पात्र का नाम बताएं, जो दो मां के गर्भ में पला?
अनामिका को जवाब नहीं मालूम था। मां ने जवाब दिया- जरासंध। अमिताभ बोले, सही जवाब। गेम में 50 लाख तक अनामिका के सारे लाइफ लाइन खत्म हो गए थे। फिर भी एक करोड़ के लिए सही जवाब देकर अनामिका केबीसी सीजन 9 की पहली करोड़पति बन गईं।
अनामिका की मां सबिता बासू ने बताया कि उन्हें बचपन से संगीत का शौक था और इसकी शिक्षा घर पर मिली। बेटी को भी उन्होंने संगीत सिखाया, लेकिन डिग्री नहीं थी। इसके बाद मां सबिता, बड़ी बेटी अनामिका और छोटी बेटी पारोमित गुहा तीनों ने एक साथ इलाहाबाद घराने से शिक्षा ग्रहण किया।
बीते बुधवार और गुरुवार को गोरेगांव फिल्म सिटी में इस एपिसोड की शूटिंग पूरी हुई। इस एपिसोड में अनामिका 7 करोड़ के सवाल तक पहुंच गईं थीं। लेकिन उन्होंने ज्यादा रिस्क न लेते हुए क्विट करना ही ठीक समझा और एक करोड़ की धनराशि अपने नाम की।
केबीसी का यह सीजन एक महीना पूरा कर चुका है, लेकिन अब तक कोई भी प्रतिभागी ‘करोड़पति’ नहीं बन पाया था। अनामिका से पहले केबीसी 9 के सबसे बड़े विजेता हरियाणा के वीरेश चौधरी रहे थे। उन्होंने 50 लाख रुपए की धनराशि जीती थी।