जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने पूर्णिया में शुक्रवार को हुई भाजपा की रैली पर तंज किया है कि खोदा पहाड़, निकली चुहिया। ललन सिंह ने कहा कि रैली में केंद्रीय गृह मंत्री और भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने महंगाई और रोजगार पर कुछ नहीं कहा। जबकि, देश में महंगाई चरम पर है, इससे लोग खासे परेशान हैं। रोजगार के लिए कोई पहल केंद्र सरकार नहीं कर रही है। ललन सिंह ने पटना में पत्रकारों के सवाल पर कहा कि बिहार में मंगल राज है। इसके लिए लिए भाजपा के किसी सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जनता हर बार सर्टिफिकेट दे रही है।
भाजपा के प्रति जनता में विश्वास नहीं रहा : उपेंद्र कुशवाहा
जदयू ससंदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने ट्वीट कर अमित शाह और उनकी रैली पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा है कि पूर्णियी की रैली में अमित शाह को बार-बार ताली बजाने और जोर से नारे लगाने के लिए आग्रह करना पड़ा। यहां तक कहते सुने गये कि सीमांचल के लोगों का जोश कहां चला गया। साफ है, उनकी पार्टी के प्रति अब बिहार की जनता में न तो आकर्षण रहा और न ही विश्वास। आखिर काठ की हांडी कितनी बार चूल्हे पर चढ़ेगी, जनाब? लोग समझ गये हैं.. झूठा हे तेरा वादा, वादा तेरा वादा।
सीमांचल को कहा सीमांत, घुसपैठ पर कुछ नहीं बोले
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह अपने भाषण के दौरान सीमांचल को सीमांत बताते रहे। भाजपा नेताओं ने मंच से सीमांचल में बांग्लादेशी घुसपैठ का मामला उठाया लेकिन अमित शाह इस पर चुप रहे। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि सीमांचल हिन्दुस्तान का हिस्सा है। यहां के लोगों के डरने की जरूरत नहीं है। महंगाई और रोजगार के मुद्दे पर वह खामोश रहे।
मखाना का माला पहनाकर स्वागत, नहीं की किसानी की बात
सीमांचल और कोसी के सात जिलों के भाजपा जिलाध्यक्षों के द्वारा मंच पर अमित शाह को मखाना से तैयार माला पहनाया गया। मखाना का माला तो उन्होंने पहना लेकिन खेती-किसानी की कोई बात नहीं की। कृषि प्रधान सीमांचल के इलाके में यूरिया की किल्लत से लेकर अनाज की खरीद-बिक्री में हो रही दिक्कत पर वह चुप रहे।