प्रदेश में शीतलहर ने सर्दी का सितम और बढ़ा दिया है। बुधवार को अधिकांश जिलों में सूरज तो निकला लेकिन शीतलहर के कारण कंपकंपी बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान बढ़ सकता है। इससे लोगों को ठंड से राहत मिलेगी।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक उत्तर बिहार के जिलों में आसमान साफ रहेगा। मौसम शुष्क ही रहेगा। कोल्ड डे की स्थिति में बदलाव नहीं होगा। हालांकि, पछिया हवा के कारण कनकनी बरकरार रह सकती है। जिलों का अधिकतम तापमान बढ़ सकता है लेकिन न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। यह 6-8 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है। सुबह में मध्यम कुहासा छाया रहेगा।
मौसम विज्ञानी राजेश कुमार की मानें तो प्रदेश में अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तर पूर्व जिले के पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, सारण, वैशाली, मुजफ्फरपुर, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, मधेपुरा, सहरसा में कोल्ड डे सर्द दिन को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी समेत गया, नालंदा, शेखपुरा, नवादा, बेगूसराय, लखीसराय, जहानाबाद, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, भभुआ, औरंगाबाद, अरवल जिले में अत्यधिक घना कोहरा छाए रहने के साथ कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।
चार डिग्री लुढ़का पटना का पारा
राजधानी पटना, मुजफ्फरपुर, भागलपुर सहित अधिकांश जिलों में शीतलहर का प्रकोप जारी है। राजधानी पटना के मौसम की बात करें तो बुधवार को पटना का तापमान समान्य से चार डिग्री लुढ़क कर अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। प्रदेश में सबसे ठंडा बांका रहा। बांका का तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मुजफ्फरपुर में 4.1 किमी की रफ्तार से चली पछुआ
मुजफ्फरपुर में शीतलहर का प्रकोप रहा। बुधवार की सुबह में कुहासा छाया रहा। दोपहर में धूप निकली लेकिन पछुआ हवा के सामने कनकनी बनी रही। पछुआ हवा 4.1 किलोमीटर की रफ्तार से चली। राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय पूसा के अनुसार बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 15.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 7.7 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 0.1 डिग्री कम रहा।भागलपुर, मुजफ्फरपुर, सुपौल , फारबिसगंज, सबौर, मोतिहारी में भी कड़ाके की ठंड है। गया, फारबिसगंज में घना कोहरा छाए रहा। जबकि राजधानी समेत अन्य जिलों में मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहा। सबसे कम दृश्यता 50 मीटर गया में दर्ज किया गया
भागलपुर में ठंड के कारण स्कूल बंद
भागलुपर में बुधवार को अधिकतम तापमान में वृद्धि हुई। अधिकतम तापमान 13.4 से बढकर 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस से बढकर छह डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। तापमान में वृद्धि के बाद पछुआ हवा से कनकनी बनी रही। ठंड को देखते हुए विद्यालयों की छुट्टी एक बार फिर बढ़ा दी गई। डीएम सुब्रत कुमार सेन ने सभी सरकारी और गैर सरकारी विद्यालयों में कक्षा एक से आठ तक की कक्षाएं स्थगित करने के आदेश दिए। कक्षा नौ से उपर की कक्षाओं का संचालन भी सुबह नौ बजे के बाद ही करने के निर्देश दिए गए हैं।