प्रदेश में बर्फीली हवा के दस्तक देते ही कनकनी के साथ ठंड में वृद्धि हुई। बुधवार को राजधानी समेत प्रदेश के 22 जिलों के अधिकतम तापमान में गिरावट आई। इस दौरान धूप छांव का खेल दिनभर चलता रहा। पटना का अधिकतम तापमान पांच डिग्री गिरकर 18.0 पर पहुंचा। न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 5.7 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ गया प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। पटना व इसके आसपास क्षेत्रों में मध्यम दर्जे का कोहरा छाए रहा।
पूर्वी व पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, मधुबनी में घने कोहरे की स्थिति सुबह के समय बनी रही। प्रदेश में आंशिक बादल छाए रहने के कारण धूप का प्रभाव कम रहा। मौसम विज्ञान केंद्र पटना के अनुसार प्रदेश के मौसम में अगले 24 घंटों के दौरान कोई विशेष बदलाव के आसार नहीं है। इस दौरान प्रदेश के 19 जिलों में घना कोहरा व आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ ठंड का प्रभाव बना रहेगा।
मौसम विज्ञानी संजय कुमार की मानें तो हवा की गति व दिशा बदलने के साथ बर्फीली हवा के कारण प्रदेश के मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। 24 घंटे बाद पछुआ हवा की गति में वृद्धि होने से दक्षिण पश्चिम हिस्सों को छोड़कर शेष जिलों के न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री की वृद्धि के साथ ठंड का असर कम होगा। राजधानी में सुबह के समय दृश्यता सात सौ मीटर दर्ज किया गया। वहीं पूर्णिया में घना कोहरा छाए रहने के साथ यहां दृश्यता 150 मीटर दर्ज की गई।
10 डिग्री के नीचे इन शहरों का तापमान
बुधवार को प्रदेश गया, औरंगाबाद, रोहतास, पूर्वी चंपारण, सीतामढ़ी, बेगूसराय, बांका, सबौर, खगड़िया, सहरसा, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया जिले का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे दर्ज किया गया।
इन जिलों के तापमान में गिरावट
राजधानी समेत प्रदेश के गया, औरंगाबाद, रोहतास, नवादा, शेखपुरा, सिवान, मुजफ्फरपुर, पूर्वी चंपारण, वाल्मीकि नगर, सीतामढ़ी, बेगूसराय, समस्तीपुर, दरभंगा, बांका, भागलपुर, खगड़िया, सहरसा, सुपौल, कटिहार, पूर्णिया, अररिया, फारबिसगंज जिले के अधिकतम तापमान में कमी आई है।
प्रमुख शहरों का तापमान (न्यूनतम तापमान डिग्री सेल्सियस में)
- पटना 10.2
- गया 5.7
- औरंगाबाद 7.9
- रोहतास 8.0
- भागलपुर 11.1
- मुजफ्फरपुर 10.6
- रोहतास 8.0
- सारण 12.0
- सीतामढ़ी 7.2
- जमुई 12.5
- शेखपुरा 10.1
- बांका 7.5
- सबौर 6.0
- खगड़िया 9.5
- सहरसा 9.1
- पूर्णिया 9.6
- अररिया 8.0
- फारबिसगंज 10.0
- सुपौल 10.6