पटना के गांधी मैदान में अब मेला या प्रदर्शनी देखने ही लोग नहीं आएंगे, बल्कि लजीज व्यंजनों के लिए भी पहुंचेंगे। गांधी मैदान के अंदर फूड कोर्ट बनकर तैयार है। गुरुवार को साढ़े 12 बजे कमिश्नर आनंद किशोर इसका उद्घाटन करेंगे। शहर का पहला फूड कोर्ट है जो 1200 वर्ग फीट में बना है।
टेस्ट ऑफ बिहार के लिए तीन पोर्टेबल फूड कोर्ट बनाया गया है। एक फूड कोर्ट बनाने में करीब 10 लाख रुपये की लागत आयी है। प्रत्येक फूड कोर्ट के आसपास 50 लोगों के बैठने के लिए कैनोपी लगायी गयी है। कैनोपी में बैठकर गांधी मैदान के नजारे के साथ लजीज व्यंजन का मजा लिया जा सकेगा।
सुबह छह से आठ बजे तक हेल्थ ड्रिंक इसमें नीरा, नारियल पानी, गन्ना का जूस, सत्तू, सात तरह के स्वाद में चाय मिलेगा। समय 8 से 10 बजे नाश्ते में साउथ इंडियन भोजन मिलेगा।
हाजीपुर से मंगाए गए केले के पत्ते पर डोसा-इडली-सांभर मिलेगा। इसमें पूरी-कचौड़ी, जलेबी, खीर भी मिलेगा। 12 से 2 बजे के बीच दोपहर के भोजन की भी व्यवस्था रहेगी।
इसमें दाल-भात, सब्जी, चिकेन, मटन और चाइनीज व्यंजन भी रहेगा। शाम में पकौड़ा, गोलगप्पा, चाट जैसे स्नैक्स की भी व्यवस्था रहेगी।