लालू प्रसाद को चारा घोटाला मामले में सजा सुनाने वाले सीबीआई कोर्ट के विशेष जज शिवपाल सिंह का तबादला हो गया है। उसके अलावा सात अन्य जजों का भी तबादला हुआ है।
शिवपाल सिंह को गोड्डा का जिला एवं सत्र न्यायाधीश बनाया गया है। लालू प्रसाद को चारा घोटाले के दो मामलों में सजा सुनाने के बाद शिवपाल सिंह काफी चर्चा में रहे थे।
शिवपाल सिंह ही वह जज हैं जिन्होंने चारा घोटाले मामले में सजा पर टिप्पणी करने वालों को भी नोटिस जारी की थी, जिसमें लालू के बेटे तेजस्वी यादव, रघुवंश प्रसाद सिंह, शिवानंद तिवारी व कांग्रेस के नेता मनीष तिवारी शामिल हैं। हालांकि हाई कोर्ट ने इस नोटिस को रद कर दिया है।
शिवपाल सिंह ने चारा घोटाले के देवघर और दुमका कोषागार से अवैध निकासी के मामले में लालू प्रसाद सहित कई अन्य लोगों को सजा सुनाई है। इन्होंने लालू को सबसे ज्यादा 14 साल सजा दुमका कोषागार मामले में दी है।
हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल अंबुज नाथ ने तबादले से संबंधित आदेश जारी किया है। बोकारो के सिविल जज देवाशीष महापात्रा को दुमका, जमशेदपुर के सिविल जज दया राम को गोड्डा, तेनूघाट के सिविल जज राकेश कुमार का तबादला बोकारो किया गया है।
दुमका के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी योगेश कुमार का तबादला हजारीबाग के सिविल जज के पद पर किया गया है।