विजयादशमी और मुहर्रम साथ-साथ होने से प्रशासन सतर्क है। मंगलवार को दोनों त्योहारों पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। प्रमंडलीय आयुक्त आनंद किशोर ने निर्देश दिया है कि बिना लाइसेंस के पंडाल नहीं लगाए जाएं।
न ही मुहर्रम के जुलूस निकाले जाएं। 15 सितंबर तक सभी पूजा पंडालों को लाइसेंस दे दिए जाएं। बीडीओ, सीओ, थानाध्यक्ष और एसडीएम को भी इसकी जिम्मेवारी सौंपी गई है। आयुक्त ने निर्देश दिया है कि विजयादशमी के दिन ही मूर्ति विसर्जन करा लें। कारण इसके अगले ही दिन मुहर्रम है।
गांधी मैदान में 30 सितंबर को रावण दहन होगा। मुहर्रम एक अक्टूबर को है। उन्होंने नगर निगम को गांधी मैदान के सभी हाईमास्ट लाइट को ठीक करने का आदेश दिया है। गांधी मैदान के सभी गेटों पर कम से कम 50 मीटर की दूरी पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करनी है।
मैदान परिसर में पर्याप्त सीसीटीवी लगाने के लिए सैडो जोन चिह्नित करना है। भीड़ नियंत्रण के लिए सभी बड़े गेटों पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगाया जाएगा। वाच टावर भी लगाए जाएंगे।
गांधी मैदान के आस-पास पार्किंग जोन के लिए जगह का चयन किया जाएगा। रावण दहन के दिन गांधी मैदान के आस-पास के इलाके को अतिक्रमण मुक्त कराया जाएगा। सभी बड़े गेटों पर एंबुलेंस रहेंगे। पटना शहर के अलावा दूसरे स्थानों पर भी गांधी मैदान के तर्ज पर रावण दहन की व्यवस्था की जाएगी।
छठ पर्व के लिए 20 सितंबर तक घाटों पर तैयारी को लेकर टेंडर प्रक्रिया पूरा करने का आदेश दिया गया है। पीएमसीएच के इमरजेंसी में 24 घंटे डॉक्टरों के रहने निर्देश दिया गया है। नियंत्रण कक्ष में मेडिकल टीम रहेगी।