नार्वे के राजनयिक निल्स रग्नौर कम्सबैग ने कहा कि नार्वे बिहार को विभिन्न सेक्टरों में मदद देगा। इस समय नार्वे बिहार को स्वास्थ्य के क्षेत्र में मदद दे रहा है। नालंदा समेत कई जिलों में नार्वे के सहयोग से कई योजनाएं संचालित हो रही हैं। इसके पहले नार्वे के राजनयिक का भाजपा के प्रदेश दफ्तर में स्वागत किया गया।
कम्सबैग बिहार भ्रमण के दौरान भाजपा मुख्यालय आए थे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष नित्यानंद राय ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा मुख्यालय आए नार्वे के राजनयिक का गर्मजोशी के साथ बुके और मोमेंटो देकर स्वागत किया। इस मौके पर नार्वे के राजनयिक ने बिहार में स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़े सामाजिक क्षेत्र की कई योजनाओं के बारे में जानकारी का आदान-प्रदान किया। राय ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि बिहार ज्ञान की भूमि रही है।
बिहार भगवान बुद्ध, महावीर, जयप्रकाश नारायण की धरती है। यहां के लोग काफी मेहनती, ऊर्जावान, संघर्षशील हैं। पूरे विश्व में इनकी पहचान है। इस मौके पर प्रदेश संगठन महामंत्री नागेन्द्र, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेश कुमार, प्रदेश प्रवक्ता संजय सिंह टाइगर, प्रदेश मीडिया प्रभारी पंकज सिंह, राकेश कुमार सिंह, अशोक भट्ट, क्रीड़ा प्रकोष्ठ के सह संयोजक सोनू शर्मा उपस्थित थे।