भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग प्राधिकरण के गायघाट जेटी से शुक्रवार को 40 सीटों वाला क्रूज जहाज आठ सैलानियों को लेकर पटना से वाराणसी के लिए रवाना हुआ। एमवी राजमहल जहाज में यूनाइटेड किंगडम के वेल्स राज्य के छह एवं ऑस्टेलिया के दो सैलानी सवार हैं।
जहाज प्रबंधक कुणाल सिंह ने बताया कि पटना से वाराणसी की दूरी 353 किमी है जो सात दिनों में पूरा करनी है। रास्ते में पड़ने वाले धार्मिक ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण पर्यटकों को कराया जाएगा। पटना से जहाज खुलने के बाद पहला पड़ाव दानापुर होगा, जहां रात्रि विश्राम के बाद शनिवार की सुबह पर्यटकों को मनेर शरीफ ले जाया जाएगा।
इसके बाद जौनपुर होते हुए चुनार तक जहाज जाएगा। पर्यटकों को तख्तश्री हरिमंदिर साहिब का भी भ्रमण कराया गया। पर्यटकों ने तख्त साहिब में मत्था टेक गुरु घर का आशीष लिया।
क्रूज सेवा से एक ओर जहां पर्यटन केंद्र को बढ़ावा मिलेगा, वहीं पर्यटकों को यहां की ऐतिहासिक विरासत सभ्यता-संस्कृति की जानकारी मिल सकेगी। बिहार में कई महत्वपूर्ण पर्यटन केंद्र हैं, जहां विदेशी पर्यटक अक्सर आते हैं। पर्यटकों को विभिन्न तीर्थस्थलों के बारे में भी बताया जाएगा। इसको लेकर पर्यटकों में भी विशेष उत्साह देखा गया।