पटना में नदियां शांत हो गई हैं। गंगा, पुनपुन सहित सभी नदियों का जलस्तर घट रहा है। इससे प्रशासन ने राहत की सांस ली है। हालांकि पुनपुन अभी भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है।
गंगा का जलस्तर गांधीघाट में मंगलवार सुबह आठ बजे 48.38 मीटर रहा। दीघा में जलस्तर 49.41 मीटर रहा। दोनों घाटों पर जलस्तर में गिरावट जारी है।
मंगलवार रात दस बजे गांधीघाट का जलस्तर 48.32 मीटर और दीघा का 49.35 मीटर रहा। यानी दोनों जगह 14 घंटे में 6 सेमी की गिरावट दर्ज की गई। दोनों जगह खतरे का निशान क्रमश: 48.60 मीटर और 50.45 मीटर है।
पुनपुन का जलस्तर भी घट रहा है। श्रीपालपुर में पुनपुन खतरे के निशान से नीचे आ गई है। यहां खतरे का निशान 50.60 मीटर है। मंगलवार रात दस बजे पुनपुन का जलस्तर श्रीपालपुर में 50.30 मीटर रहा।
मनेर में भी सोन के जलस्तर में प्रति घंटे एक सेमी की गिरावट आ रही है। रात दस बजे मनेर में जलस्तर 50.09 मीटर रहा। हथिदह में जलस्तर मंगलवार सुबह 41.40 मीटर रहा। यहां खतरे का निशान 41.76 मीटर है।