सुहागिन महिलाओं के सौभाग्य का पर्व तीज (हरितालिका व्रत) 24 अगस्त को मनेगा। जबकि गणेश चतुर्थी 25 अगस्त को मनाई जाएगी। तीज व्रत के दिन महिलाएं अपने सौभाग्य की रक्षा के लिए भगवान शिव गौरी की पूजा करेंगी।
ज्योतिषाचार्य पंडित अभय मिश्रा के अनुसार- 24 अगस्त गुरुवार को रात 9.15 बजे तक ही तीज है, इसलिए इससे पहले ही पूजा कर लेना शुभ होगा। इस बार तीज पर हस्त मातंग योग के मिलन का संयोग तीन साल बाद बन रहा है।
इस वजह से तीज व्रत करने वाली महिलाओं के लिए इस बार का व्रत सर्वमंगलकारी माना जा रहा है। इसी दिन भगवान वराह का अवतार दिवस भी मनाया जाता है।
गणपति आराधना का पर्व गणेश चतुर्थी 25 अगस्त शुक्रवार को मनाया जाएगा। इस दिन शहर में कई जगह भगवान गणेश की प्रतिमा स्थापित कर विधिवत पूजा-अर्चना होगी। रात 8.56 बजे तक चंद्रमा को अर्घ्य देने का शुभ मुहूर्त है, क्योंकि इसके बाद चंद्राश शुरू हो जाएगा। गणेश चतुर्थी पर इस बार सर्वाथ सिद्धि योग अमृत योग बन रहा है, जो अत्यंत शुभकारी है।
महाराष्ट्र मंडल पटना की ओर से दारोगा प्रसाद राय पथ में सात दिनों तक चलने वाला गणेशोत्सव मनाया जाएगा। महाराष्ट्र मंडल के संजय भोसले ने बताया कि इस बार 5.25 फीट की गणेश प्रतिमा स्थापित की जाएगी।
जो मुंबई से मंगाई जा रही है। खास यह है कि गणेश जी हीरा जड़ित मुकुट पहने विराजेंगे। सजावट के लिए मुंबई कोलकाता के कलाकारों को बुलाया गया है।