बिहार का मुजफ्फरपुर अब ग्रेटर मुजफ्फरपुर बनेगा। इसके लिए मास्टर प्लान को मंजूरी मिल गई है। इसके तहत तकनीकी रूप से शहर का विकास किया जाएगा।
ग्रेटर मुजफ्फरपुर में शहर के आसपास के वैसे गांवों को भी शामिल किया जाएगा, जो शहरीकरण की क्षमता रखते हैं। इसमें 216 गांव शामिल होंगे। नगर विकास एवं आवास विभाग ने मास्टर प्लान अंतिम रूप से घोषित कर दी है।
गुरुवार को जारी घोषणा पत्र में स्पष्ट रूप से बताया गया है कि मुजफ्फरपुर के सभी चयनित गांव आयोजना क्षेत्र कहे जाएंगे। मास्टर प्लान में ग्रेटर मुजफ्फरपुर का क्षेत्रफल 265.71 वर्ग किमी होगा। शहरी क्षेत्र का 47.08 वर्ग किमी और ग्रामीण क्षेत्र का 218.63 वर्ग किमी क्षेत्रफल होगा।
अगले 20 वर्षों के लिए विकास का खांका तैयार किया जाएगा। 24 जनवरी, 2017 को विकास बोर्ड की बैठक में मास्टर प्लान को सहमति मिली थी। विकास योजनाओं की तैयारी के लिए जल्द ही एक टीम शहर का दौरा करेगी।