राजधानी पटना में गणपति आराधना की भव्य तैयारी हो रही है। शुक्रवार को गणेश चतुर्थी पर गणपति विराजेंगे। महाराष्ट्र मंडल की ओर से दारोगा प्रसाद राय पथ में हीराजड़ित मुकुट में गणेशजी विराजेंगे।
इस बार मुंबई में लाल बाग के राजा के लिए बनने वाले पंडाल की तर्ज पर यहां का पंडाल भी बन रहा है। भगवान गणेश की मूर्ति मुंबई से मंगाई जा रही है। शुक्रवार को महाराष्ट्र मंडल के पंडाल में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पहली पूजा करेंगे। वे शाम की आरती में भी शामिल होंगे।
संवाददाता सम्मेलन में महाराष्ट्र मंडल के सचिव संजय भोसले ने बताया कि इस बार 5.15 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की जाएगी। बंगाल के फूलों से दरबार सजेगा।
सात दिनों तक चलने वाले गणपति उत्सव में पूजा के मुख्य पुरोहित महाराष्ट्र सांगली के प्रशांत जहांगीरदार होंगे। विसर्जन यात्रा 31 अगस्त को शाम चार बजे से निकलेगी। इससे पहले 26, 27, 28 को भी आरती और 29 तारीख को हल्दी कुमकुम का कार्यक्रम होगा। विसर्जन के लिए मुंबई से गणेश झांझ पथक ग्रुप रहा है।
लेझिम भी खास आकर्षण होगा। मौके पर वसंत सूर्यवंशी, बबन राव जाधव, विजय पाटिल, राजेंद्र पवार, बिट्ठल घोड़के, मल्लिकार्जुन आरले, महादेव कणसे, सुरेश सालुंखे, अदिक मोरे, संतोष पाटिल, संतोष पवार, विजय बावर, अनिल गायकवाड, देवेंद्र शेडयाल, शुभदा कुलकर्णी, मीना सूर्यवंशी, विजय पाटिल आदि उपस्थित थे।